देहरादून। रात में घना कोहरा और दिन में छाई धुंध ने राजधानी देहरादून की ठंड और बढ़ा दी है। बीते 24 घंटों में दून के न्यूनतम तापमान में 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन सात बजे के बाद हल्के बादल छा गए। दोपहर के बाद सर्द हवाएं चलने लगीं और ठिठुरन बढ़ गई।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 18 दिसंबर को अधिकतम तापमान 24.5 और न्यूनतम 9.5 डिग्री सेल्सियस था। यानी एक दिन में अधिकतम तापमान 2.3 और न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री तक गिर गया। पहाड़ी इलाकों में ठंड का असर और ज्यादा है। मसूरी में अधिकतम तापमान 13 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
ठंड और कोहरे का असर यातायात पर भी साफ दिख रहा है। घने कोहरे के कारण उत्तराखंड रोडवेज की बसों में यात्रियों की संख्या करीब 25 फीसदी तक घट गई है। कई लोग सफर टाल रहे हैं, खासकर रात और तड़के चलने वाली बस सेवाओं में यात्रियों की भारी कमी देखी जा रही है। दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ रूट पर बसें पूरी क्षमता से नहीं चल पा रहीं। यात्रियों की कमी के चलते कुछ डिपो से रात की सेवाएं अस्थायी रूप से रोकनी पड़ रही हैं। इसका सीधा असर रोडवेज की आमदनी पर पड़ा है, जो रोजाना करीब 50 लाख रुपये तक घट गई है।
कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी पड़ा है। शुक्रवार को हावड़ा से देहरादून आने वाली उपासना एक्सप्रेस करीब दो घंटे की देरी से पहुंची। वहीं, देहरादून से यह ट्रेन रात साढ़े बारह बजे, लगभग दो घंटे लेट रवाना हुई। ट्रेन लेट होने से यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 20 और 21 दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने के आसार हैं। वहीं 21 और 22 दिसंबर को हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर में मध्यम कोहरा छाया रहने की संभावना है। 23 से 25 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम के इस बदले मिजाज के बीच लोगों को सतर्क रहने और यात्रा से पहले मौसम की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।