Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

फरवरी में ही बढ़ी गर्मी, प्रदेश में पारा बढ़ा सामान्य से 4 डिग्री ऊपर, पहाड़ों में भी दिखा असर

देहरादून: उत्तराखंड में इस बार मौसम ने समय से पहले ही करवट ले ली है। आमतौर पर फरवरी के अंत तक रहने वाली गुलाबी ठंड अब विदा होती नजर आ रही है और उसकी जगह चटख धूप व बढ़ते तापमान ने ले ली है। राजधानी देहरादून समेत राज्य के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में पारे की उछाल ने लोगों को फरवरी में ही मई-जून जैसी गर्मी का एहसास कराना शुरू कर दिया है।

सामान्य से 4 डिग्री ऊपर पहुंचा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है।

देहरादून में अधिकतम तापमान 27.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य औसत से 4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 12.4°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है।

राज्य में सबसे अधिक तापमान रुड़की (हरिद्वार) में 27°C दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मुक्तेश्वर (नैनीताल) में 4.6°C रहा।

अगले 48 घंटे: शुष्क रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार 25 और 26 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। चटख धूप के कारण दिन के तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है।

हालांकि विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद पारे में हल्की वृद्धि हो सकती है।

महीने के अंत में बदल सकता है मौसम

राहत की बात यह है कि महीने के अंत में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। 27 और 28 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जैसे उच्च हिमालयी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है।

3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात के भी आसार जताए गए हैं।

मैदानी जिलों में गर्मी का असर जारी

देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। इन क्षेत्रों में गर्मी का प्रभाव जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य के किसी भी हिस्से के लिए शीत लहर या शीत दिवस की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *