Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

दशोली ब्लॉक के सैकोट में सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर 50 हजार का जुर्माना

चमोली। दशोली विकास खंड की ग्राम पंचायत सैकोट में महिला मंगल दल ने गांव के भीतर सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब पीने और पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। पंचायत घर के आंगन में महिला मंगल दल अध्यक्ष सतेश्वरी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

बैठक में महिलाओं ने क्षेत्र में बढ़ते शराब के प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने से गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और नई पीढ़ी पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत के अंतर्गत किसी भी सार्वजनिक कार्य में शराब पीने या पिलाने पर संबंधित परिवार से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।

महिला मंगल दल की अध्यक्ष सतेश्वरी देवी ने कहा कि यह कदम गांव की सामाजिक व्यवस्था को मजबूत करने और स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम का सख्ती से पालन कराया जाएगा और समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की जाएगी।

सामाजिक कार्यकर्ता चंडी थपलियाल ने महिलाओं के इस फैसले का समर्थन करते हुए इसे ग्राम पंचायत के हित में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की पहल से गांव में सकारात्मक बदलाव आएगा और सामाजिक एकता मजबूत होगी।

बैठक के बाद महिला मंगल दल ने जागरूकता रैली भी निकाली। रैली टेंटुणा, सैकोट से होते हुए आमखेत मालधार तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं शामिल हुईं। रैली के दौरान महिलाओं ने शराब के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया और सामाजिक सुधार का संदेश दिया।

महिलाओं ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी गांव को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *