उत्तराखंड। उत्तराखंड में प्रदेश सरकार द्वारा व्यावसायिक गैस सिलिंडर की आपूर्ति के लिए एसओपी जारी किए जाने के बावजूद मंगलवार को होटल, रिजॉर्ट और ढाबा संचालकों को राहत नहीं मिल सकी। फिलहाल सिलिंडर की आपूर्ति केवल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी Manoj Barman ने बताया कि सरकार की ओर से एसओपी तो जारी कर दी गई है, लेकिन अब गैस वितरक कंपनियां अपनी-अपनी कार्यप्रणाली के अनुसार अलग एसओपी तैयार करेंगी। इसके बाद ही होटल-रेस्तरां जैसे व्यावसायिक उपभोक्ताओं को सीमित मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि Indane, Bharatgas और HP Gas की एजेंसियां अपनी जरूरत के अनुसार कंपनी के उच्च अधिकारियों को मांग भेजेंगी। इसके बाद मुख्यालय स्तर पर स्वीकृति मिलने के बाद प्लांट से उपलब्धता के अनुसार सिलिंडर जारी किए जाएंगे और उसी आधार पर एजेंसियों को वितरण की अनुमति दी जाएगी।
वर्तमान स्थिति में जिले की विभिन्न एजेंसियों के पास करीब 500 व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध हैं, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को दिया जा रहा है।
इस बीच, चौधरी गैस एजेंसी की सह-प्रबंधक रमणी चौधरी ने बताया कि उनकी एजेंसी द्वारा मंगलवार को साईं अस्पताल, कृष्णा अस्पताल और बृजलाल अस्पताल को व्यावसायिक सिलिंडर उपलब्ध कराए गए। वहीं, सरस मार्केट स्थित इंडेन एजेंसी के प्रबंधक भरत सिंह खाती ने कहा कि फिलहाल केवल आवश्यक सेवाओं को ही आपूर्ति की जा रही है और जैसे ही नए निर्देश और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होगा, होटल, रेस्तरां और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भी सिलिंडर दिए जाएंगे।