Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/u948756791/domains/thejagsamachar.com/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति के वायरल वीडियो पर मचा बवाल, कांग्रेस ने बताया शर्मनाक बयान

देहरादून।उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू गुरुवार को अपने एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा के केंद्र में आ गए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साहू कथित तौर पर यह कहते नजर आ रहे हैं कि एक राज्य में 20 से 25 हजार रुपये खर्च में विवाह के लिए युवतियां उपलब्ध हो जाती हैं। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

यह वीडियो 23 दिसंबर 2025 का बताया जा रहा है, जो अल्मोड़ा में स्याही देवी मंडल की एक बैठक के दौरान रिकॉर्ड होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। वायरल क्लिप में गिरधारी लाल साहू कुछ युवाओं से बातचीत करते हुए कहते हैं कि उन्होंने अब तक शादी क्यों नहीं की। वह यह भी कहते सुनाई देते हैं कि उनके समय में इस उम्र तक तीन-चार बच्चे हो जाते थे और वे उनकी शादी करवाएंगे। इसी दौरान वह एक राज्य का नाम लेते हुए कथित रूप से 20-25 हजार रुपये में विवाह की बात कहते हैं।

गिरधारी लाल साहू ने दी सफाई

विवाद बढ़ने के बाद गिरधारी लाल साहू ने वीडियो को भ्रामक बताया है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी महिला का मूल्य बताने जैसी कोई बात नहीं कही है। उनका कहना है कि 20-25 हजार रुपये का जिक्र विवाह समारोह के आयोजन के खर्च को लेकर था, न कि किसी बहन या बेटी को लेकर।

कांग्रेस का वार

इस मामले पर कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बयान को घोर निंदनीय और शर्मनाक बताते हुए कहा कि यह पूरे देश की महिलाओं और बच्चियों की गरिमा पर सीधा हमला है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह बयान ऐसे व्यक्ति की ओर से आया है, जिनके परिवार की सदस्य स्वयं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्रालय की मंत्री हैं। उन्होंने इसे सरकार की कथनी और करनी के बीच का बड़ा अंतर बताया।

वायरल वीडियो को लेकर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और अब सभी की निगाहें सरकार और संबंधित पक्ष की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं ।

( जग समाचार इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *