चमोली : चमोली जिले के जोशीमठ में ऑली रोड पर स्थित आर्मी कैंप के स्टोर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई।
ये आग शुक्रवार को चमोली जिले के जोशीमठ में ऑली रोड पर स्थित आर्मी कैंप के स्टोर में लगी।
मौके से सामने आए वीडियो में आसमान में काले धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है। आग लगने के बाद आर्मी कैंप में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि तेज हवाएं आग बुझाने के कार्य में बड़ी बाधा बन रही हैं, जिससे राहत कार्य में दिक्कत आ रही है।
किसी भी तरह की जान-माल की हानि न हो, इसके लिए सेना के जवान पूरी तरह से मुस्तैद रही। आग के आसपास खेत भी मौजूद हैं, जहां सूखी घास फैली हुई है, ऐसे में आग के फैलने का खतरा और बढ़ गया था। फायर ब्रिगेड और सेना की टीम संयुक्त रूप से आग पर काबू पाने में जुटी हुई रही।
फिलहाल जोशीमठ की घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन और राहत टीमें अलर्ट मोड पर हैं।