जेनी प्रकरण पर अब हरक सिंह रावत करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस, नए आरोपों के बाद सामने रखेंगे अपना पक्ष

देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित जेनी प्रकरण में महिला की ओर से लगाए गए नए आरोपों के बाद अब पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत भी प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। महिला ने शनिवार को देहरादून में मीडिया के सामने आकर हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए और मामले की दोबारा सीबीआई जांच कराने के साथ ही अपने बेटे का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की। इसके बाद अब हरक सिंह रावत अपना पक्ष रखेंगे।

 

गौरतलब है कि जेनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि वर्ष 2002 में जब वह 16 साल की थीं, तब उनके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म और शोषण हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय वह देहरादून के यमुना कॉलोनी क्षेत्र में रह रही थीं। महिला ने यह भी दावा किया कि उन्हें मानसिक अस्पताल में रखा गया और दबाव में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए।

 

महिला ने पुराने मामले में हुई डीएनए जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके बेटे का टेस्ट ही नहीं हुआ था। उन्होंने दोबारा जांच कराने और बेटे को पिता का नाम दिलाने की मांग की। महिला के इन आरोपों के बाद जेनी प्रकरण एक बार फिर राजनीतिक और सामाजिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।

 

अब हरक सिंह रावत की प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर उत्सुकता है। माना जा रहा है कि वह महिला की ओर से लगाए गए आरोपों और पुराने मामले से जुड़े सवालों पर अपना पक्ष रखेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *