उत्तरकाशी के केदारताल में सर्च ऑपरेशन तेज, आज फिर होगी तलाश शुरू, संकरी घाटी बनी चुनौती

उत्तरकाशी। केदारताल क्षेत्र में लापता पर्वतारोहियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। संकरी घाटी होने के कारण बचाव अभियान में चुनौती आ रही है। जिला प्रशासन के अनुसार, एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की 10 सदस्यीय टीम को हेलिकॉप्टर से संबंधित क्षेत्र में उतारा गया है। टीम सुबह से तलाश अभियान शुरू करेगी। वहीं, गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी निचले हिस्से से आगे बढ़ते हुए खोह और गुफाओं में खोजबीन करेगी।

 

जिलाधिकारी उत्तरकाशी प्रशांत आर्य ने बताया कि पिछले महीने कालिंदी पास (कालिंदी खाल) ट्रेक के पास पर्वतारोहियों के फंसने पर चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की तुलना में केदारताल क्षेत्र की परिस्थितियां अलग हैं। कालिंदी पास में जगह खुली और चौड़ी थी, जहां हेलिकॉप्टर उतर सकता था। वहां से पर्वतारोहियों को देखना और उनकी लोकेशन का पता लगाना भी अपेक्षाकृत आसान था।

 

उन्होंने बताया कि केदारताल क्षेत्र में घाटी संकरी है, जिससे हेलिकॉप्टर के जरिए तलाश करने में कठिनाई हो रही है। इसके बावजूद एसडीआरएफ और निम की 10 सदस्यीय टीम को मौके पर उतारा गया है। टीम दोबारा खोजबीन अभियान चलाएगी।

 

इसके अलावा गंगोत्री नेशनल पार्क की टीम भी निचले हिस्से से आगे बढ़ेगी। यह टीम उन खोह, गुफाओं और अन्य स्थानों पर तलाश करेगी, जहां पर्वतारोही सुरक्षा के लिहाज से शरण ले सकते हैं।

 

मौसम साफ रहने की उम्मीद

 

जिलाधिकारी ने बताया कि मंगलवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। इससे रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद मिल सकती है। जरूरत पड़ने पर बचाव अभियान में अन्य टीमों की भी सहायता ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *