देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार को मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं, मैदानी और घाटी वाले इलाकों में मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान है। हालांकि, मौसम विभाग ने आज किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है।
पांच जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 3400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम में बदलाव के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है। इन पांच जिलों को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
घाटियों में कोहरे से कम हो सकती है दृश्यता
मैदानी और पर्वतीय घाटी वाले क्षेत्रों में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। खासकर सुबह और शाम के समय दृश्यता कम हो सकती है, जिससे वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की है।
देहरादून में धूप से मिलेगी राहत
राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहने और दिन में अच्छी धूप खिलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
बर्फ की सफेद चादर से ढका केदारनाथ धाम
प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में हल्की बारिश और बर्फबारी हो रही है। लगातार हिमपात के चलते केदारनाथ धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। मंदिर परिसर से लेकर आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढकी नजर आ रही हैं। बर्फबारी के बाद धाम का नजारा आकर्षक हो गया है।