उर्मिला सनावर ने जमानत के लिए कोर्ट में लगाई अर्जी, 29 अक्टूबर तक पुलिस से मांगी जांच आख्या

हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद में बंद अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने जमानत के लिए मंगलवार को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में अर्जी दाखिल की। उर्मिला के अधिवक्ता ने कोर्ट पहुंचकर जमानत याचिका प्रस्तुत की। इस पर अदालत ने रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के विवेचना अधिकारी को 29 अक्टूबर तक संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पुलिस से मामले की जांच आख्या भी मांगी है, ताकि जमानत अर्जी पर सुनवाई की जा सके।

 

गौरतलब है कि रविवार को हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें हरिद्वार लाया गया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया गया। कोर्ट ने रविवार देर रात उर्मिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए थे। इसके बाद से वह रोशनाबाद जिला कारागार में बंद हैं।

 

उर्मिला सनावर के खिलाफ पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर ने रानीपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला ने दीपिका से रविदास पीठ अपने नाम कराने और पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का दबाव बनाया। इसके अलावा परिवार को जान से मारने और दीपिका के फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर उनकी छवि खराब करने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

 

दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और सहारनपुर जाकर उर्मिला को गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।

 

वहीं, हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने स्पष्ट किया है कि उर्मिला की गिरफ्तारी रानीपुर कोतवाली में दर्ज मुकदमे के संबंध में की गई है और इसका नार्को टेस्ट से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि अदालत का आदेश प्राप्त होता है, तो उर्मिला को महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा में नार्को टेस्ट के लिए भेजा जाएगा।

 

अब 29 अक्टूबर को पुलिस की जांच आख्या और संबंधित दस्तावेज अदालत में प्रस्तुत किए जाने के बाद जमानत अर्जी पर आगे की सुनवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *