देवप्रयाग के पास खाई में गिरी कार, चालक समेत दो की मौत; तीन घायल

श्रीनगर: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देवप्रयाग के पास ग्राम पाली में एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया। घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

 

जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की वैगनआर कार चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही थी। देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर श्रीनगर की ओर ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे एंड रेस्टोरेंट के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के समय कार में चालक समेत पांच लोग सवार थे।

 

दुर्घटना की सूचना मिलने पर देवप्रयाग पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। बचाव दल ने खाई में गिरे तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी बागी, देवप्रयाग पहुंचाया।

 

कीर्तिनगर के एसडीएम पंकज भट्ट के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

 

हादसे में मृतकों और घायलों के नाम

 

पुलिस के अनुसार, हादसे में कार चालक अनिल पुत्र सुदर्शन निवासी किमोली, चमोली और सत्येश्वरी देवी (72 वर्ष), पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल, थाना कर्णप्रयाग, जिला चमोली की मौत हो गई।

 

वहीं, हादसे में उत्तम सिंह (33 वर्ष), पुत्र मोहन सिंह, निवासी ग्राम लाडोली, रुद्रप्रयाग; टीशा रावत (18 वर्ष), पुत्री लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग और सुनीता देवी (45 वर्ष), पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत, निवासी ग्राम बीना, रुद्रप्रयाग घायल हुई हैं।

 

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *