देहरादून: थाना कैंट क्षेत्र के एक स्कूल की समिति के कोष से करीब 64 लाख रुपये की कथित अवैध निकासी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। स्कूल समिति के सदस्य की शिकायत के आधार पर कैंट थाना पुलिस ने महिला समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल समिति के सदस्य हरीश मित्तल ने थाना कैंट में शिकायत दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2019 और 2020 में हुई कार्यकारिणी की बैठकों के बाद कुछ लोगों के नाम कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से समिति के सदस्यों के रूप में जोड़े गए। शिकायतकर्ता ने इन दस्तावेजों को फर्जी बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2020-21 की बैलेंस शीट के अनुसार स्कूल समिति के कोष से करीब 64 लाख रुपये कथित तौर पर अवैध रूप से निकाले गए। एक आरोपी धीरेंद्र कुमार शर्मा पर चंद्र शेखर शर्मा के साथ मिलकर करीब 53 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि अप्रैल 2026 में उप निबंधक, फर्म्स सोसायटी एवं चिट्स कार्यालय में कुछ कथित फर्जी शपथ पत्र प्रस्तुत किए गए थे। इसके बाद 4 मई 2026 को जारी आदेश में समिति की बैठकों में जोड़े गए नए सदस्यों को पंजीकृत नियमावली के विपरीत बताया गया और संबंधित प्रस्तावों को निरस्त कर दिया गया।
थाना कैंट प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया कि स्कूल समिति के सदस्य हरीश मित्तल की तहरीर के आधार पर चंद्र शेखर शर्मा, विनिता शर्मा, धीरेंद्र कुमार शर्मा और अमिता बहुगुणा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 111, 237, 238, 316(2), 318(4), 336(2), 337, 338 और 340(2) समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है।
मामले की जांच उपनिरीक्षक/निरीक्षक पंकज सिंह को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।