उत्तराखंड में 3 सितंबर तक बारिश का अलर्ट, इन जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी

MDDA Advertisement

मौसम अपडेट: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग ने 29 अगस्त से 3 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा भी बना रहेगा।

 

मौसम विभाग के अनुसार, 29 अगस्त को रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज बारिश की आशंका है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

 

30 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और बागेश्वर में भारी बारिश का अलर्ट है। देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। तेज बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

 

1 सितंबर को देहरादून और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और हरिद्वार में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।

 

मौसम विभाग के मुताबिक 2 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। हालांकि 3 सितंबर को भी प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इस दिन भारी बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी नहीं है।

 

मौसम विभाग ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने की अपील की है। खासकर 31 अगस्त और 1 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर, नैनीताल और टिहरी में अत्यधिक बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *