देहरादून: राजधानी देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों के साथ प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘युवा अग्निवीर संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अग्निवीरों के लिए विशेष सेल बनाने, रोजगार, पेपर लीक मामलों पर कार्रवाई और युवाओं के लिए सरकार की योजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं का उत्साह उन्हें और अधिक काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश नई गति से आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड भी विकास की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति के लिए स्थिरता और सुशासन आवश्यक है तथा उत्तराखंड की जनता ने इसे स्वीकार किया है।
पेपर लीक मामलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के दौरान भी कई भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं हुईं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए हैं और अब प्रदेश में युवाओं को बिना किसी सिफारिश या भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं।
मुख्यमंत्री ने अग्निवीर योजना पर भी सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि उत्तराखंड में जल्द ही अग्निवीरों के लिए एक स्पेशल सेल स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें अग्निवीरों के भविष्य को लेकर गंभीर हैं तथा सेवा अवधि पूरी होने के बाद उन्हें विभिन्न सरकारी विभागों में प्राथमिकता देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वह स्वयं एक सैन्य परिवार से आते हैं, इसलिए सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं को अच्छी तरह समझते हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति दी है और सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, खेल तथा नवाचार के क्षेत्र में युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद आज शाम पांच बजे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी देहरादून में छात्रों के साथ संवाद करेंगे।