उधम सिंह नगर में ध्वनि प्रदूषण पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कई धार्मिक स्थलों से हटाए गए लाउडस्पीकर

MDDA Advertisement

रुद्रपुर: सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए उधम सिंह नगर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में बिना अनुमति संचालित होने वाले तथा निर्धारित डेसिबल सीमा और समयावधि का उल्लंघन करने वाले लाउडस्पीकरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर स्थापित ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया। जहां भी नियमों का उल्लंघन पाया गया, वहां मौके पर ही लाउडस्पीकर हटवाए गए। इसके अलावा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालान भी किए गए।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कोतवाली जसपुर क्षेत्र की दो मस्जिदों, काशीपुर की एक मस्जिद, आईटीआई थाना क्षेत्र की दो मस्जिदों, केलाखेड़ा की दो मस्जिदों, किच्छा की दो मस्जिदों तथा नानकमत्ता की एक मस्जिद से नियमों के विपरीत संचालित लाउडस्पीकर हटाए गए। वहीं खटीमा में चार मस्जिदों से कुल सात लाउडस्पीकर हटाए गए। इसके अतिरिक्त किच्छा में दो और खटीमा में चार व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए।

एसएसपी अजय गणपति ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए थे कि बिना अनुमति लगाए गए ध्वनि विस्तारक यंत्रों, निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले लाउडस्पीकरों तथा रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंधित समय में संचालित होने वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

पुलिस ने अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य साइलेंस जोन क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी, ताकि ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम नागरिकों को अनावश्यक शोर से राहत मिल सके।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि कानून व्यवस्था, सार्वजनिक शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वोच्च न्यायालय और शासन के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। भविष्य में भी बिना अनुमति लाउडस्पीकर के उपयोग, निर्धारित ध्वनि सीमा के उल्लंघन या प्रतिबंधित समय में संचालन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने सभी नागरिकों और संस्थाओं से ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन करने तथा शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *