श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर संत समाज करेगा कार सेवा, कांवड़ मेले के बाद होगी तारीख की घोषणा

MDDA Advertisement

हरिद्वार: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा है कि संत समाज श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा को लेकर अभियान चलाएगा। उन्होंने बताया कि कांवड़ मेले के समापन के बाद कार सेवा की तिथि घोषित की जाएगी, जिसमें देशभर के विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्मा शामिल होंगे। इसके साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी इस अभियान में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा।

 

निरंजनी अखाड़े में श्री चित्रगुप्त पीठ, वृंदावन के पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद से मुलाकात के दौरान श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के बाद अब संत समाज श्रीकृष्ण जन्मभूमि को उसके मूल स्वरूप में मुक्त कराने के लिए संकल्पबद्ध है। उनके अनुसार यह केवल भूमि का नहीं, बल्कि आस्था और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय है।

 

उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार सेवा संतों के नेतृत्व में आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न अखाड़ों के आचार्य, महामंडलेश्वर और संत-महंत भाग लेंगे। कार सेवा की तिथि कांवड़ मेले के समापन के बाद घोषित की जाएगी।

 

इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी सच्चिदानंद ने कहा कि अखाड़ा परिषद के साथ विचार-विमर्श के बाद कार सेवा का कार्यक्रम तय किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित भैरव मंदिर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा तक कार सेवा यात्रा निकाली जाएगी।

 

बैठक में महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरी, महामंडलेश्वर स्वामी सत्यश्रेयानंद गिरी, श्रीमहंत रामरतन गिरी, महंत सच्चिदानंद, महंत राज गिरी सहित कई संत-महात्मा मौजूद रहे।

 

इस बीच कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर अधिकारियों को 20 जुलाई तक हाईवे, कांवड़ पटरी और आंतरिक मार्गों के निर्माण कार्य पूरे करने तथा 25 जुलाई तक सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

 

वहीं कुंभ मेलाधिकारी सोनिका ने हरकी पैड़ी और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि कांवड़ मेला समाप्त होते ही कुंभ से जुड़े निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू किए जाएं। उन्होंने धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्था पथ के विस्तार कार्य में तेजी लाने और निर्माण पूरा होने के बाद नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *