रुड़की में चलते-चलते इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

MDDA Advertisement

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क पर दौड़ रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। चालक की सूझबूझ और तत्परता से वह समय रहते स्कूटी से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि कुछ ही देर में स्कूटी पूरी तरह आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई।

 

जानकारी के अनुसार, शक्ति विहार कॉलोनी निवासी आशु कुमार अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह रुड़की रेलवे स्टेशन के पास अनमोल मेडिकल स्टोर के सामने पहुंचे, स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। खतरे का अंदेशा होते ही आशु कुमार ने तुरंत स्कूटी रोककर उससे छलांग लगा दी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक के उतरते ही आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी स्कूटी धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर वहां जमा हो गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्कूटी पूरी तरह नष्ट हो गई।

 

गौरतलब है कि रुड़की में वाहनों में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सीबीआरआई कॉलोनी निवासी एक युवक की बाइक में आग लगने का मामला सामने आया था। उस घटना में भी चालक की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया था और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था।

 

फिलहाल स्कूटी में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। तकनीकी खराबी या अन्य कारणों की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *