देहरादून: उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश से पर्वतीय क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई संपर्क मार्ग भूस्खलन, मलबा और बोल्डर गिरने के कारण बाधित हो रहे हैं, जबकि नदियां और बरसाती नाले उफान पर बह रहे हैं। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार सोमवार को देहरादून, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज बारिश होने का भी पूर्वानुमान है।
राजधानी देहरादून में दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शहर का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित एजेंसियों को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भूस्खलन के कारण बाधित होने वाले मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल खोलने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा उफनती नदियों, नालों और गदेरों के आसपास न जाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि मौसम संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर ही यात्रा करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण उत्तराखंड के कई पर्वतीय जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित है और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।