हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। पति-पत्नी के बीच कथित विवाद के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर गंग नहर में कूद गई। दोनों के तेज बहाव में लापता होने के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमों ने संयुक्त सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, कोटा मुरादनगर (थाना कलियर) निवासी 35 वर्षीय अर्जुन अपनी 30 वर्षीय पत्नी सविता और दो बच्चों के साथ बाइक से सविता के मायके रायपुर दरेड़ा जा रहे थे। उनके साथ चार वर्षीय बेटा और एक वर्षीय बेटी भी थी। रास्ते में दौलतपुर स्थित डीपीएस कॉलेज के पास किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, विवाद बढ़ने पर सविता ने बाइक रुकवाई और अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर गंग नहर में छलांग लगा दी। घटना इतनी अचानक हुई कि अर्जुन उन्हें बचा नहीं सका। देखते ही देखते मां और बच्ची तेज बहाव में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। गोताखोरों की मदद से नहर में महिला और बच्ची की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। महिला अपनी एक वर्षीय बेटी के साथ नहर में कूद गई, जिसके बाद दोनों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक और चिंता का माहौल है। महिला का चार वर्षीय बेटा सुरक्षित है, जबकि परिजन मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने कहा है कि महिला और बच्ची का पता लगाने के लिए सर्च अभियान लगातार जारी रहेगा।