भारी बारिश के बीच दून पुलिस अलर्ट, नदी-नालों से दूर रहने की अपील

देहरादून: राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर दून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। टीमें लगातार गश्त कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बारिश और जलभराव की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। रात से ही पुलिस टीमें नदी-नालों के किनारे और अन्य संवेदनशील इलाकों में पहुंचकर लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को सतर्क कर रही हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नागरिकों से नदी-नालों के आसपास न जाने की अपील की जा रही है।

 

इसके साथ ही नदी किनारे रहने वाले लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। पुलिस प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर स्थिति पर नजर रखे हुए है।

 

दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस या आपदा नियंत्रण कक्ष को दें। पुलिस का कहना है कि सभी थाना क्षेत्रों में टीमें लगातार भ्रमणशील रहकर हालात की निगरानी कर रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *