कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे, चुनावी रणनीति पर मंथन शुरू

MDDA Advertisement

देहरादून: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे। उनके आगमन पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनका यह दौरा उत्तराखंड में पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

 

दौरे के पहले दिन के.सी. वेणुगोपाल जिला एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक ले रहे हैं। इसके अलावा वे जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी संवाद करेंगे। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना है।

 

बैठकों में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे पेपर लीक प्रकरण से जुड़े राष्ट्रव्यापी अभियान ‘छात्रों की गूंज’ सहित पार्टी की विभिन्न संगठनात्मक गतिविधियों की भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेकर भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होगी।

 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि के.सी. वेणुगोपाल पार्टी नेताओं के साथ संगठनात्मक मुद्दों की समीक्षा करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के इस दौरे से प्रदेश के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नया उत्साह पैदा होगा तथा संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *