देहरादून: उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट की धमकी देकर सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने वाले आरोपी को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हरियाणा के अंबाला निवासी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से धमकी भरे पोस्ट प्रसारित करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम धमाके की धमकी से जुड़े पोस्ट वायरल हुए थे। इससे आमजन में भय और दहशत का माहौल बन गया था। मामले में कोतवाली नगर थाने में बीएनएस की धारा 351(3), 353 तथा आईटी एक्ट की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
साइबर विश्लेषण से आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया। टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल फुटप्रिंट, साइबर विश्लेषण और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर आरोपी की पहचान की। तकनीकी निगरानी के आधार पर 28 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में बताई धमकी देने की वजह
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से वह नाराज था। सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े वीडियो देखने के बाद उसने लोगों में भय फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से 25 जून को सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी संबंधी टिप्पणी पोस्ट की थी।
मोबाइल जब्त, फोरेंसिक जांच जारी
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। देहरादून पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि भ्रामक, धमकीपूर्ण या दहशत फैलाने वाली पोस्ट करना गंभीर दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।