हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध Neem Karoli Baba के कैंची धाम स्थापना दिवस मेले का शुभारंभ रविवार सुबह आरती के साथ हो गया। मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं के दर्शन शुरू हो गए। देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
मेले की पूर्व संध्या से ही श्रद्धालुओं का कैंची धाम में पहुंचना शुरू हो गया था। मंदिर परिसर के बाहर सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और हनुमान चालीसा का पाठ करते हुए बाबा के दर्शन का इंतजार करते नजर आए।
लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नैनीताल पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिला पुलिस के अलावा एसडीआरएफ, एटीएस, बम निरोधक दस्ता, एलआईयू और अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है।

मेले की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन जिलों के एसएसपी और एसपी, सात अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी और वायरलेस विभाग के अधिकारियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए करीब 1500 से अधिक पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवान लगातार ड्यूटी पर मौजूद हैं।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। कैंची धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भीमताल, भवाली, सैनिटोरियम, नैनीताल, खैरना, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और काठगोदाम से नॉन-स्टॉप शटल सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
प्रशासन के अनुसार निजी वाहनों से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहन खड़ा करने के बाद शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचना होगा। इसके अलावा कैंची धाम मार्ग पर संचालित वाहनों के लिए विशेष येलो स्टीकर व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे यातायात संचालन व्यवस्थित ढंग से किया जा सके।
एसएसपी नैनीताल ने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, धैर्य बनाए रखने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि बाबा के दर्शन की यात्रा सभी के लिए सुरक्षित, सुगम और सफल बन सके।