मसूरी में भीषण सड़क हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; चार लोगों की मौत

MDDA Advertisement

मसूरी: देहरादून जिले के मसूरी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

 

पुलिस के अनुसार 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सुबह 9:16 बजे सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड, चौकी बार्लोगंज क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही कोतवाली मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस को भी बुलाया गया।

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार (DL5CS 4610) सड़क की तीव्र ढलान पर अचानक अनियंत्रित हो गई और खाली प्लॉट से होते हुए गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले कार सवार लोगों ने पास की एक दुकान से सामान खरीदा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामान लेकर जैसे ही वे कार में बैठे, वाहन तेजी से ढलान की ओर बढ़ा और खाई में समा गया।

 

प्रारंभिक जांच में कार के ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक कार में चार लोग सवार थे, जिनकी पहचान सत्य प्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद (48 वर्ष) और संगीता पत्नी टीटू निवासी करोलबाग दिल्ली (46 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे में चारों की मौत हो गई।

 

घटना के बाद एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई की गहराई, घनी झाड़ियों और दुर्गम भू-भाग के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि एक महिला का शव खाई से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य शवों को निकालने का अभियान जारी है।

 

मौके पर क्षेत्राधिकारी मसूरी, पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और वे मसूरी के लिए रवाना हो चुके हैं।

 

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *