हरिद्वार में आंधी-तूफान का कहर, रेलवे ट्रैक पर गिरा विशाल पेड़, होटल के शीशे टूटने से यात्री घायल

MDDA Advertisement

हरिद्वार: उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में शनिवार को अचानक आए आंधी-तूफान ने भारी नुकसान पहुंचाया। हरिद्वार में तेज हवाओं और खराब मौसम के चलते कई जगह पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।

 

सबसे बड़ा असर हरिद्वार-देहरादून रेल मार्ग पर देखने को मिला, जहां मोतीचूर रेलवे स्टेशन के पास एक विशालकाय पेड़ रेलवे ट्रैक पर गिर गया। पेड़ गिरने से ओवरहेड बिजली तारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे रेल यातायात प्रभावित हो गया। घटना के समय ट्रैक पर कोई ट्रेन मौजूद नहीं थी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

 

पेड़ गिरने के बाद देहरादून और हरिद्वार के बीच संचालित कई ट्रेनें प्रभावित हुईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और रेलवे ट्रैक से पेड़ हटाने के साथ बिजली लाइनों की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया।

 

वहीं हरकी पैड़ी के समीप बाजार क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण एक होटल के शीशे टूटकर नीचे गिर गए। इस दौरान नीचे से गुजर रहा एक यात्री शीशों की चपेट में आकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

 

हरकी पैड़ी चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि घटना के बाद मौके पर बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया है। पुलिसकर्मी लगातार श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

 

आंधी-तूफान का असर शहर के अन्य हिस्सों में भी देखने को मिला। राज विहार फेज-2 कॉलोनी स्थित डिवाइन लाइट स्कूल के पास एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे दो बिजली के पोल टूट गए। पेड़ गिरने से सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।

 

प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हुई हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *