उत्तराखंड मौसम। कई दिनों से गर्मी की मार झेल रहे उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है। देर शाम बदरीनाथ धाम में बर्फबारी होने से मौसम ठंडा हो गया।
मौसम विभाग ने पहले ही उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी। साथ ही 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार व्यक्त किए गए थे।
मौसम निदेशक सीएस तोमर के अनुसार मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा और नैनीताल में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और विशेषकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।