भारी बारिश से प्रभावित क्षेत्रों का सीएम धामी ने किया हवाई सर्वे,अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश 

देहरादून: मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विशेष रूप से देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में भूस्खलन, जलभराव और बिजली गिरने जैसी घटनाओं की आशंका जताई गई है। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने एहतियाती कदम तेज कर दिए हैं।

रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूस्खलन से प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “भारी बारिश के मद्देनज़र चारधाम यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है और प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय इलाकों में रह रहे नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।”

 

उन्होंने बताया कि राज्य में 62 से अधिक सड़क मार्ग बंद हैं और कुछ क्षेत्रों में पर्यटक व स्थानीय लोग फंसे हुए हैं, जिनकी सुरक्षित निकासी के लिए एसडीआरएफ व प्रशासनिक टीमें सक्रिय हैं।

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जाए, ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त किया जाए और आपात स्थिति में त्वरित राहत पहुंचाई जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *