देहरादून : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। उनका यह दौरा खास और ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस दौरान वह पहली बार देवभूमि में रोड शो करेंगे, जो भव्य होगा। करीब 12 से 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में कुमाऊंनी, गढ़वाली और जौनसारी लोक नृत्य एवं पारंपरिक संगीत के जरिए उनका स्वागत किया जाएगा। अलग-अलग स्थानों पर लोग अपनी संस्कृति के माध्यम से प्रधानमंत्री का अभिनंदन करेंगे।
दो घंटे देहरादून में रहेंगे मोदी
प्रधानमंत्री लगभग दो घंटे देहरादून में रहेंगे। इस दौरान वह मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे।
कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
सुबह करीब 10 बजे प्रधानमंत्री देहरादून एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वे यूपी के गणेशपुर जाएंगे। इसके बाद करीब 12 बजे मां डाट काली मंदिर में पूजा करेंगे। फिर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे और देहरादून में जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर करीब 2 बजे उनके वापस लौटने का कार्यक्रम है। भाजपा के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
सीएम योगी ने परखी तैयारियां
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से पहले Yogi Adityanath ने सीमावर्ती क्षेत्र सहारनपुर जनपद की बिहारीगढ़ तहसील के गणेशपुर गांव पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। यहीं प्रधानमंत्री दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के तहत शिवालिक की पहाड़ियों में बने 12 किलोमीटर लंबे वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे, जिसे एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बताया जा रहा है। इस कॉरिडोर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि ऊपर से वाहन गुजरेंगे और नीचे वन्य जीवों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी। इसके लिए साउंड प्रूफ शीट भी लगाई गई हैं।
सीएम धामी ने किया निरीक्षण
वहीं, Pushkar Singh Dhami ने देहरादून में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, दर्शक दीर्घा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी तैयारियां सुनियोजित ढंग से पूरी की जाएं और स्वच्छता व सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। इसे राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए उन्होंने सभी विभागों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।