टिहरी झील महोत्सव का सीएम धामी ने किया शुभारंभ, 9 मार्च तक होंगी एडवेंचर व सांस्कृतिक गतिविधियां

MDDA Advertisement

MDDA Advertisement

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोटी कॉलोनी में किया। 6 से 9 मार्च तक आयोजित होने वाला यह लेक फेस्टिवल पर्यटन को नई ऊंचाई देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि टिहरी झील महोत्सव का उद्देश्य टिहरी जिले को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है और स्थानीय लोगों को भी आर्थिक लाभ मिलता है।

चार दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में कई तरह की रोमांचक और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियां शामिल हैं। इसके साथ ही स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इनमें मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि दूसरे स्थान के विजेता को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान के विजेता को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा पांच-पांच हजार रुपये के 10 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

आयोजकों का कहना है कि टिहरी झील महोत्सव के माध्यम से प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को टिहरी की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *