कोटद्वार। पटेल मार्ग स्थित एक कपड़े की दुकान का नाम “बाबा” रखने को लेकर शनिवार को शहर में विवाद खड़ा हो गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दुकान के नाम पर आपत्ति जताते हुए जमकर नारेबाजी की। मामला बढ़ने पर दुकानदार और कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने पहले ही दुकानदार को दुकान का नाम बदलने को कहा था। दुकानदार ने दुकान शिफ्ट होने के बाद नाम बदलने का आश्वासन दिया था, लेकिन दुकान शिफ्ट होने के बावजूद नाम नहीं बदला गया।
शनिवार को देहरादून से आए बजरंग दल
कार्यकर्ताओं ने दुकान के बाहर प्रदर्शन किया, जिस पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दुकानदार और उसके साथियों ने कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो दो दिन पुराना बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति खुद को मोहम्मद दीपक बताते हुए कहता है कि दुकान करीब 30 साल पुरानी है और इस मामले में राजनीति न की जाए। बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि कोटद्वार में “बाबा” नाम केवल सिद्धबली बाबा से जुड़ा है, इसलिए दुकान का नाम बदला जाना चाहिए।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया। कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है और मामले की जांच की जा रही है।