देहरादून: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े वायरल ऑडियो-वीडियो प्रकरण में जांच तेज हो गई है। अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बाद अब पूर्व विधायक सुरेश राठौर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। शुक्रवार को सुरेश राठौर एसआईटी के सामने पेश हुए, जहां उनसे साढ़े पांच घंटे तक गहन पूछताछ की गई।
सीआईयू कार्यालय में हुई लंबी पूछताछ
एसआईटी ने सेक्टर-चार स्थित सीआईयू कार्यालय में पूर्व विधायक सुरेश राठौर से पूछताछ की। यह पूछताछ दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई और शाम साढ़े सात बजे तक चली। इस दौरान एसआईटी ने राठौर से 100 से अधिक सवाल पूछे और उनके बयान दर्ज किए।
एसआईटी प्रमुख अभय सिंह के नेतृत्व में जांच
पूछताछ एसआईटी प्रमुख अभय सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में लक्सर की सीओ नताशा सिंह और इंस्पेक्टर आरके सकलानी भी मौजूद रहे। सूत्रों के अनुसार वायरल ऑडियो से जुड़ी कथित बातचीत, उसके स्रोत और संदर्भ को लेकर विस्तार से जानकारी ली गई।
एक दिन पहले उर्मिला सनावर से हुई थी पूछताछ
इससे पहले बृहस्पतिवार को एसआईटी ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर से भी सीआईयू कार्यालय में पूछताछ की थी। उर्मिला से करीब सवा पांच घंटे तक सवाल-जवाब किए गए थे। उनसे भी वायरल ऑडियो और वीडियो से जुड़े सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाई गई।
हर पहलू की बारीकी से जांच: एसआईटी
एसआईटी अधिकारियों का कहना है कि वायरल ऑडियो की सत्यता, उसके पीछे की पृष्ठभूमि और मामले से जुड़े सभी लोगों की भूमिका की गहराई से जांच की जा रही है। जांच के दायरे में आने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ कर तथ्यों को जोड़ा जा रहा है।